UP Police Home Guard Recruitment: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड्स की बंपर वैकेंसी अब जल्द आने वाली है। राज्य के मंत्री ने इस संदर्भ में जानकारी दी है। उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं जेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने होमगार्ड्स भर्ती को लेकर कहा कि होमगार्ड विभाग में खाली पड़े पदों पर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत जल्द ही की जाएगी। इन पदों पर महिला एंव पुरुष दोनों ही की भर्ती की जाएगी।
यूपी होमगार्ड बनने के लिए चयन प्रक्रिया
होमगार्ड बनने के लिए उम्मीदवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक मापदंड परीक्षण, मेडिकल परीक्षण जैसे कई चरणों से होकर गुजरना पड़ता है। इस भर्ती के आधिकारिक नोटिफिकेशन के बारे में अपडेटेड जानकारी हासिल करने के लिए उम्मीदवार समय-समय पर यूपी होमगार्ड विभाग की आधिकारिक वेबसाइट को जरूर विजिट करते रहें।
होमगार्ड जवान की सैलरी कितनी होती है?
उत्तर प्रदेश राज्य में एक होमगार्ड जवान को इस समय 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वेतन दिया जाता है। होमगार्ड जवानों को पहले 375 रुपये प्रतिदिन की सैलरी मिलती थी, मगर अब इसे 125 रुपये बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। इस साल राज्य में होने वाली होमगार्ड विभाग की इस भर्ती में महिलाओं को विशेष वरीयता मिल सकती है।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश राज्य में होमगार्ड विभाग में इस समय कुल 1,18,348 स्वीकृत पद हैं। इस समय करीब 86,000 होमगार्ड जवान ही कार्यरत हैं। ऐसे में खाली पड़े तीस हजार पदों पर जल्द भर्तियां हो सकती हैं।